इंडस्ट्री के जाने माने फैशन डिजाइनर रोहित बल अब इस दुनिया में नहीं रहे। 1 नवंबर को उनका निधन हो गया। रोहित ने 63 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लम्बे समय से दिल की बीमारी से लड़ रहे थे। लेकिन किसी को ये नहीं पता था कि रोहित इस तरह से अलविदा कह जाएंगे। सोनम कपूर से लेकर करीना कपूर तक इंडस्ट्री की सभी हस्तियां सदमे में हैं। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक पोस्ट शेयर कर रोहित के जाने की सूचना दी.
रोहित लम्बे समय से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। वहीं कार्डियक अरेस्ट के बाद उनकी एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। 1 नवंबर को उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनका निधन हो गया। एंजियोप्लास्टी के बाद कुछ महीने पहले ही रोहित लैक्मे फैशन वीक में काम पर वापस गए थे। करीना कपूर, सोनम कपूर, अनन्या पांडे, सलमान खान, सिद्धार्थ मल्होत्रा और काजोल ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर रोहित के जाने का दुख जाहिर किया.
इंडस्ट्री में रोहित को सेलिब्रिटीज गुड्डा नाम से पुकारते थे। वह सभी लिंगों के लिए समावेशी कपड़े बनाकर परंपराओं को तोड़ने के लिए मशहूर थे। उन्हें इंटरनेशनल फैशन को भारत से जोड़ने के लिए भी जाना जाता था। वहीं रोहित को भारतीय सांस्कृतिक विरासत के साथ अंतरराष्ट्रीय फैशन को जोड़ने के लिए नेशनल अवार्ड भी मिला था। रोहित के जाने से इंडस्ट्री में शोक कि लहर दौड़ गई है। वह फैशन जगत के हीरो थे.
सोनम कपूर ने पुरानी फोटोज शेयर करते हुए रोहित के लिए भावपूर्ण मैसेज लिखा। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘गुड्डा मुझे आपके निधन के बारे में पता चला, जब मैं आपकी बनाई हुई ड्रेस में दिवाली मनाने जा रही थी। जिसे आपने मुझे दूसरी बार उधार दिया था। मैं आपको जानने आपको पहनने और कई बार आपके लिए चलने के लिए धन्य हूं। मुझे उम्मीद है कि आप शांति से हैं हमेशा आपकी सबसे बड़ी प्रशंसक रही हूं।’ वहीं अनन्या पांडे करीना कपूर और अन्य सेलेब्स ने भी दुख जताया.