जिस फिल्म ने राजपाल-परेश की लॉटरी लगाई, उसका सीक्वल बनेगा !

ठीक 20 साल पहले प्रियदर्शन ने एक फिल्म बनाई थी मालामाल वीकली। सीमित बजट होने के बावजूद मूवी ने बड़ा कलेक्शन कर लिया था। उस वक्त इसे क्रिटिक्स से मिक्स्ड रिव्यु मिला था। मगर आम दर्शक फिल्म को खूब पसंद करते रहे। खबर है कि मेकर्स 20 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। इस सिलसिले में उन्होंने राजपाल यादव, परेश रावल और रितेश देशमुख को अप्रोच किया है। मार्च 2006 में रिलीज़ हुई मालामाल वीकली को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था।

इसमें परेश रावल, ओम पुरी, रितेश देशमुख, रीमा सेन, राजपाल यादव, असरानी और शक्ति कपूर जैसी तगड़ी स्टार कास्ट थी। फिल्म का नरेशन नसीरुद्दीन शाह ने किया था। महज 7 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर ₹42 करोड़ से ज्यादा कमा लिए थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने गांव का एकमात्र पढ़ा लिखा इंसान है। एक दिन उसे पता चलता है कि गांव के एक शराबी की ₹1 करोड़ की लॉटरी लगी है। मगर जीतने वाला शख्स अचानक मर जाता है। इसके बाद गांव में पूरी तरह से अफरातफरी मच जाती है। सभी अजीबोगरीब तरकीबें सोचने लगते हैं ताकि लॉटरी इंस्पेक्टर को उस आदमी की मौत का पता ना चले।

इस चक्कर में क्या कुछ होता है फिल्म में उसे ही दिखाया जाता है। इस फिल्म की सक्सेस ने कई दूसरे रिमेक्स को जन्म दिया था। तेलुगु में इसे भाग्य लक्ष्मी बंपर ड्रॉ, कन्नडा में डकोटा पिक्चर और मलयालम में अमायूम मुयालुम नाम से बनाया गया था। मलयालम वर्जन के डायरेक्टर खुद प्रियदर्शन ही थे। सालों पहले चर्चा उठी थी कि मालामाल वीकली का सीक्वल बनाएंगे। तब उसे कमाल धमाल मालामाल नाम दिया जा रहा था। मगर फिर उस पर कोई दोबारा कुछ खास चर्चा नहीं हुई। रिपोर्ट है कि इसके सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है। बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया मालामाल वीकली 2 को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है।

फिल्म से जुड़ी टीम को कहानी के लिए एक नया और अच्छा आईडिया मिल गया है। ये आईडिया फिल्म के सीक्वल के हिसाब से बिल्कुल सही है। सेकंड पार्ट पिछली फिल्म का डायरेक्ट सीक्वल नहीं होगा। इस बार किरदार और जगह अलग होंगी लेकिन पहली फिल्म की तरह ही इसकी कहानी कुछ लालची गांव वालों के इर्द-गिर्द ही घूमेगी। ऐसे लोग बड़ी रकम हासिल करने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं। परेश रावल ने इस फिल्म के लिए हां तो कह दिया है लेकिन अभी उन्होंने ऑफिशियली इसे साइन नहीं किया है। वहीं रितेश देशमुख और राजपाल यादव से भी बातचीत जारी है।

मालामाल वीकली को सालों पहले ही कल्ट स्टेटस मिल चुका है। यह टीवी पर सबसे ज्यादा प्रीमियर होने वाली हिंदी फिल्मों में से एक है। मगर पॉप कल्चर में यह उतनी पॉपुलर नहीं है जितनी हेराफेरी या भागमभाग है। बाकी दोनों फिल्मों में सीक्वल पर बात इसीलिए शुरू हुई है क्योंकि वो आज मीम टेंपलेट बन चुकी है। मगर मालामाल वीकली के केस में ऐसा नहीं है। ऐसे में ये सीक्वल कितना सफल होगा कहना थोड़ा मुश्किल है।

Leave a Comment