सुलक्षणा पंडित का निधन,दिग्गज एक्ट्रेस ने 71 की उम्र में ली आखिरी सांस।

बॉलीवुड से एक बार फिर मनहूस खबर आई है। 2025 में कई दिग्गज कलाकारों को खो चुकी फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर मातम पसर गया है। दिग्गज एक्ट्रेस और सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन हो गया है। 71 साल की उम्र में सुलक्षणा दुनिया को अलविदा कह गई हैं। सुलक्षणा के भाई और संगीत निर्देशक ललित पंडित ने उनके निधन की खबर को कंफर्म किया है। बताया जा रहा है कि सुलक्षणा लंबे वक्त से बीमार चल रही थी।

मुंबई के नानावती हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। जहां गुरुवार 7 नवंबर की रात 8:00 बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली। बहन के निधन की दुखद जानकारी देते हुए ललित पंडित ने बताया कि सुलक्षणा को कार्डियक अरेस्ट आया था। जिसके चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। दिग्गज एक्ट्रेस और सिंगर सुलक्षणा के अंतिम संस्कार की डिटेल भी सामने आ गई है।

परिवार ने जानकारी देते हुए बताया है कि सुलक्षणा पंडित का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1:00 बजे के करीब पवनहंस हिंदू श्मशान भूमि में होगा। माना जा रहा है कि इंडस्ट्री से कई मशहूर हस्तियां सुलक्षणा पंडित को अंतिम विदाई देने पहुंच सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को हुआ था। वो जानेमाने संगीत परिवार से ताल्लुक रखती थी। सुलक्षणा के चाचा महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। वहीं उनके भाई-बहनों की बात करें तो उनकी तीन बहनें और तीन भाई हैं। भाइयों में जतिन ललित की जोड़ी म्यूजिक इंडस्ट्री की नामी जोड़ी रही है।

वहीं बहन विजेता पंडित भी बॉलीवुड की नामी एक्ट्रेसेस में से एक रही। सुलक्षणा पंडित की गिनती इंडस्ट्री के मल्टीटलेंटेड सितारों में होती थी। वह बेहतरीन सिंगर और एक्ट्रेस रहीं। जिन्होंने ना सिर्फ अपने सुरों के जादू से बल्कि अपने दिलकश अदाओं से भी सिनेमा प्रेमियों के बीच अलग और खास पहचान बनाई। सुलक्षणा के सिंगिंग करियर की शुरुआत साल 1967 में आई फिल्म तकदीर से हुई। इस फिल्म में उन्होंने लता मंगेशकर के साथ सात समंदर पार से गाना गाया था। उनकी आवाज आखिरी बार 1996 में रिलीज हुई फिल्म खामोशी द म्यूजिकल के गाने सागर किनारे भी दो दिल में सुनाई दी। जिसे उनके भाइयों जतिन ललित ने कंपोज किया था। सुलक्षणा के एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म उलझन से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की। इस फिल्म में उन्होंने एक्टर संजीव कुमार के साथ काम किया था।

बता दें कि सुलक्षणा संजीव कुमार से शादी करना चाहती थी, लेकिन संजीव कुमार ने हेमा मालिनी के लिए सुलक्षणा के प्रपोजल को ठुकरा दिया था। कहा जाता है कि संजीव कुमार के इंकार के बाद सुलक्षणा पंडित बुरी तरह से टूट गई थी। उन्होंने आजीवन अविवाहित रहने का फैसला किया। धीरे-धीरे सुलक्षणा डिप्रेशन की शिकार होने लगी थी और फिर धीरे-धीरे वह दुनिया से कटने लगी। बाद में उन्होंने लोगों से मिलनाजुलना लगभग पूरी तरह से बंद कर दिया था। सुलक्षणा की बहन विजेता पंडित ने बताया था कि उन्होंने लोगों को पहचानना भी बंद कर दिया था।

वहीं उन्हें हेल्थ इश्यूज की वजह से फाइनेंशियल दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा था। बताया जाता है कि सुलक्षणा एक बार बाथरूम में गिर पड़ी थी। जिसके चलते उनकी कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। सुलक्षणा चार सर्जरी के बाद भी ठीक से चल नहीं पाती थी। वहीं अब एक्ट्रेस की मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें याद कर रहे हैं और उनके लिए दुख जता रहे हैं।

Leave a Comment