खामोशी से चला गया बॉलीवुड का मशहूर सितारा। निधन को नहीं बनाना चाहता था तमाशा। ना यार दोस्तों को दी खबर ना दिया आखिरी अलविदा कहने का मौका। मरने से पहले बीवी को बताई आखिरी इच्छा। तो बेटे ने चोरी-चुपके किया पिता का अंतिम संस्कार। बॉलीवुड में जब भी कोई मशहूर सितारा दुनिया छोड़कर जाता है तब अपने पीछे रोते बिलखते परिवार के अलावा लाखों फैंस का भी दिल तोड़ जाता है।
अंतिम संस्कार में तो भावनाओं का ऐसा सैलाब आता है कि चाहने वालों के आंसू रोके नहीं रुकते। लेकिन बॉलीवुड में एक मशहूर सितारा ऐसा भी था जिसने बरसों बरस तक फैंस के दिलों पर राज किया। टिकट विंडो पर तो उसकी तूती बोलती थी। उसके स्टाइल की दुनिया दीवानी थी। लेकिन जब वो सितारा मरने की दशा में पहुंचा तो इस कदर खामोशी के साथ दुनिया छोड़ गया कि लोगों को कानों कान उसके निधन की खबर नहीं हुई। बेहद खामोशी के साथ बेटे ने अपने पिता का चोरी-चुपके अंतिम संस्कार कर दिया। वो एक्टर कोई और नहीं बल्कि राजकुमार थे।
जी हां, अपनी दमदार पर्सनालिटी और एक खास तरह की डायलॉग डिलीवरी के लिए मशहूर राजकुमार ने अपने करियर में काफी नाम कमाया था। राजकुमार जब तक जिंदा रहे तब तक अपने फैंस के दिलों पर राज करते रहे। लेकिन जब इस दुनिया से रुखसत हुए तो इस तरह कि उनके करीबी यार दोस्तों को भी उनकी निधन की भनक तक नहीं लगी थी। उनके अंतिम संस्कार की भी कानों कान खबर लोगों को नहीं लग पाई। यहां तक कि राजकुमार ने आखिरी सांस तक लोगों से अपनी जानलेवा बीमारी को भी छुपाए रखा।
बता दें कि जिंदगी के आखिरी सालों में राजकुमार को गले की बीमारी हो गई थी। 3 जुलाई 1996 को मुंबई में 69 साल की उम्र में राजकुमार का निधन हो गया था। राजकुमार ने आखिरी सांस तक इस जानलेवा बीमारी को दुनिया से छुपाए रखा। सिर्फ उनके बेटे पुरु राजकुमार ही थे जिन्हें पिता की इस बीमारी के बारे में जानकारी थी। हालांकि वह कहते हैं ना कि सच छुपाए नहीं छुपता और ऐसा ही राजकुमार के साथ भी हुआ था। उनकी बीमारी की खबर लोगों तक पहुंच गई। लेकिन राजकुमार ने एक इंटरव्यू में अपनी बीमारी की खबरों को नकार दिया।
अपने निधन तक उन्होंने यह बात नहीं कबूली कि उन्हें गले का बीमारी हुआ है। राजकुमार ने अपने परिवार को भी सख्त हिदायत दी थी कि उनके गले के कैंसर के बारे में फिल्म इंडस्ट्री में किसी को भी खबर ना लगे और ऐसा ही हुआ भी। हैरानी की बात तो यह है कि बीमारी की तरह ही राजकुमार ने अपनी मौत को भी एक सीक्रेट ही बनाए रखा। कहा जाता है कि राजकुमार को अपनी मौत का एहसास कई दिन पहले ही हो गया था। जिसके बाद उन्होंने अपनी बीवी और बच्चों को अपनी आखिरी इच्छा बताई थी।
राजकुमार चाहते थे कि उनका अंतिम संस्कार बेहद सादगी से हो जाए। किसी को उनके निधन की खबर ना मिले और अंतिम संस्कार के बाद ही उनकी मौत की जानकारी लोगों को दी जाए। दरअसल राजकुमार अपनी मौत का तमाशा नहीं बनाना चाहते थे।
वो हमेशा से खामोशी से ही इस दुनिया से रुखसत होना चाहते थे और उनके इस इच्छा को राजकुमार की फैमिली ने माना और ऐसा ही किया भी। जब एक्टर की मौत हुई तो किसी को इस बारे में पता ही नहीं चला। उनके अंतिम संस्कार के बाद लोगों को उनके निधन के बारे में बताया गया था। यहां तक कि आज तक लोगों को इस बात की जानकारी नहीं है कि राजकुमार का अंतिम संस्कार कब और कहां किया गया था।