बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और नामी बिजनेसमैन संजय कपूर का इसी साल 12 जून को लंदन में पोलो खेलते समय अचानक निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने ने सभी को चौंका दिया। अब उनकी करीब ₹30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। संपत्ति को लेकर तनातनी सिर्फ परिवार के बीच ही नहीं, बल्कि यह मामला कोर्ट तक पहुंच गया है।
संजय कपूर की मां रानी कपूर और पत्नी प्रिया सचदेव के बीच पहले ही खींचतान चल रही थी। और अब यह करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे समायरा और ज्ञान ने भी पिता की संपत्ति पर दावा ठोकते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है। पीटीआई के मुताबिक समायरा और ज्ञान ने मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें उन्होंने कहा है कि संजय कपूर की 31 मार्च 2025 की वसीयत संदिग्ध और फर्जी है।
याचिका में दावा किया गया है कि ना तो संजय कपूर ने कभी इस वसीयत का जिक्र किया और ना ही सौतेली मां प्रिया सचदेव या किसी अन्य शख्स ने इसका जिक्र किया। बच्चों ने प्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कथित वसीयत उनकी गढ़ी हुई कहानी है।
शिकायत में उनके दो सहयोगियों दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के नाम का भी उल्लेख है। याचिका में बच्चों ने बताया है कि 12 जून 2025 को पिता के निधन तक उनके अपने पिता से बेहद नजदीकी थी। वे अक्सर साथ यात्रा करते थे, छुट्टियां मनाते थे और यहां तक कि संजय कपूर अपने व्यवसायिक और निजी फैसलों में भी बच्चों को शामिल करते थे।
