शर्मशार हुई इंसानियत, कुत्तों ने बचाई नवजात की जान।

एक मां की कोख से जब एक जिंदगी जन्म लेती है तो उसे दुनिया की सबसे महफूज पनाहगाह माना जाता है। वो पहली किलकारी वो मासूमियत जिसके लिए एक मां कुछ भी कर गुजरती है। लेकिन क्या हो अगर वही कोख वही मां उस मासूम को जन्म देकर उसे एक बोरे में बंद करे और कूड़े के ढेर में फेंक दे।

छत्रपति संभाजी नगर की जहां एक मां की ममता कूड़ेदान में मिली। सुबह के 5:30 बजे पुंडलिक नगर का गजानन महाराज मंदिर रोड जब ज्यादातर लोग अपनी रजाई में दुबके हुए थे। तब कुछ बेजुबान जानवर अपनी वफादारी निभा रहे थे। लगातार कुत्तों के भौकने की आवाज ने कुछ स्थानीय लोगों की नींद तोड़ी। यह भौकना सामान्य नहीं था। इसमें एक बेचैनी थी, एक इशारा था जैसे वह किसी को बुला रहे हो। किसी की जान बचाने की गुहार लगा रहे हो। जब लोग पास गए तो उनकी नजर कूड़ेदान पर रखे एक बोरे पर पड़ी और जब उन्होंने उसे खोला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बोरे के अंदर कपड़ों में लिपटा एक जिंदा बच्चा एक नवजात जिस दुनिया में आए शायद कुछ ही घंटे भी नहीं हुए थे। वह ठंड में कांप रहा था।

अगर यह कुत्ते ना होते तो शायद इस मासूम की कहानी शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाती। पुलिस मौके पर पहुंची और शुरू हुई उस कलयुगी मां की तलाश जो इतनी बेरहम हो सकती थी। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खगालने शुरू किए और कैमरे की आंख से वो बच नहीं पाई।

पुलिस ने एक 24 साल की महिला को हिरासत में लिया। जब पूछताछ हुई तो एक और दर्दनाक कहानी सामने आई। यह महिला अपने पति से अलग रह रही थी। उसने अपने परिवार से छिप कर अकेले ही घर में बच्चे को जन्म दिया था। समाज का डर या कोई और मजबूरी वजह जो भी हो उसने एक ऐसा कदम उठाया जिसकी कोई माफी नहीं हो सकती और फिर पूछताछ में उसने वो सच उगल दिया जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए।

उसने कबूल कर लिया कि हां उसी ने अपने जिगर के टुकड़े को अपनी संतान को जन्म देने के बाद बोरे में बंद करके मरने के लिए कूड़े में फेंका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर उस मां को गिरफ्तार कर लिया है। कानून उस मां को सजा देगा। लेकिन पीछे छोड़ गया है कई सवाल।

आखिर वो कौन सी मजबूरी थी? वो कौन सी सामाजिक बेड़ियां थी जिसने एक मां की ममता का ही गला घोट दिया। वो मासूम बच्चा अब सुरक्षित है। अस्पताल में है लेकिन उसकी पहली सांस के साथ ही उसे जो जख्म मिला है, क्या वह कभी भर पाएगा?

Leave a Comment