2 शादियां..6 बच्चे..सदमे में 13 नाती-पोते! धर्मेंद्र के परिवार में कौन-कौन?

नहीं रहे दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र। पीछे छोड़ गए भरा पूरा परिवार। पति की मौत से गम में डूबी पहली पत्नी प्रकाश कौर। दूसरी पत्नी हेमा मालिनी का रो-रो कर बुरा हाल। पिता की निधन से सदमे में चारों बेटियां।

बेहद दुखी नजर आए बेटे सनी और बॉबी। देओल परिवार में पसरा मातम। बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मुंबई के पवनहंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को मुखाग्नि दी है।

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के दौरान पूरा देओल परिवार एक साथ खड़ा नजर आया। जहां धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे लेकिन अपने पीछे वह एक भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। आइए एक नजर डालते हैं धर्मेंद्र की फैमिली पर। धर्मेंद्र का असली नाम धर्म सिंह देओल था। वह ना सिर्फ अपने शानदार करियर बल्कि अपने भरे पूरे परिवार के लिए भी जाने जाते रहे हैं।

दो शादियां, छह बच्चे, बहुएं, दामाद और 13 नाती पोतों से भरा यह परिवार बॉलीवुड के सबसे बड़े परिवारों में से एक है। बेहद दिलचस्प है देओल परिवार का यह फैमिली ट्री। धर्मेंद्र ने 1954 में 19 साल की उम्र में अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर से शादी की थी।

प्रकाश कौर हमेशा से ही लाइमलाइट और मीडिया से दूर रहीं। उनके लिए अपना परिवार और बच्चे ही सब कुछ थे। बॉलीवुड की चौकाचौंध से दूर रहने के बावजूद उन्होंने हमेशा धर्मेंद्र और उनके बच्चों का साथ दिया। धर्मेंद्र ने जब दूसरी शादी की तब भी ना प्रकाश कौर ने उन्हें तलाक दिया और ना ही धर्मेंद्र ने उनसे तलाक मांगा। जानकारी के लिए आपको बता दें प्रकाश कौर और धर्मेंद्र के चार बच्चे हैं। दो बेटे सनी देओल जिनका असली नाम अजय सिंह देओल है और बॉबी देओल जिनका असली नाम विजय सिंह देओल है। प्रकाश कौर और धर्मेंद्र की दो बेटियां भी हैं। विजेता देओल और अजीता देओल। धर्मेंद्र के सबसे बड़े बेटे सनी देओल ने पूजा देओल से शादी की। सनी और पूजा के दो बेटे हैं करण देओल और राजवीर देओल।

वहीं धर्मेंद्र के छोटे बेटे बॉबी देओल ने अपनी बचपन की दोस्त और मशहूर इंटीरियर डिजाइनर तान्या अहूजा से शादी की। बॉबी और तान्या के भी दो बेटे हैं। आर्यमान देओल और धर्म देओल। विजेता देओल ने विवेक गिल से शादी की। उनके दो बच्चे हैं। एक बेटी प्रेरणा गिल और एक बेटा साहिल गिल। वहीं अजीता देओल ने इंडियन अमेरिकन डेंटिस्ट किरण चौधरी से शादी की। उनकी दो बेटियां हैं निकिता चौधरी और प्रियंका चौधरी। बता दें 1970 के दशक में धर्मेंद्र और बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी का फिल्मी सेट पर शुरू हुआ प्यार एक खूबसूरत रिश्ते में बदल गया। पहली पत्नी प्रकाश को तलाक दिए बिना धर्मेंद्र ने हेमा मालिनी से शादी की। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की दो बेटियां हैं। ईशा देओल और अहाना देओल।

ईशा देओल ने अपनी मां हेमा मालिनी की तरह क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग लेने के बाद एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। ईशा देओल ने 2012 में मुंबई के बिजनेसमैन भरत तख्तानी से शादी की। हालांकि यह रिश्ता लंबा नहीं चल सका। फरवरी 2024 में ईशा और भरत ने अपनी 11 साल की शादी को आपसी सहमति से खत्म कर दिया था। ईशा और भरत की दो प्यारी बेटियां हैं।

उनका नाम राध्या तख्तानी और मिराया तख्तानी है। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की छोटी बेटी अहाना देओल ने साल 2014 में दिल्ली के बिजनेसमैन वैभव कुमार से शादी की। जानकारी के लिए आपको बता दें अहाना देओल का एक बेटा और दो बेटियां हैं।

Leave a Comment