सलमान खान और अभिनव कश्यप के झगड़े में कूदे राइटर चिंतन शाह।

सलमान खान स्टारर दबंग को अभिनव कश्यप ने डायरेक्ट किया था। मगर, पिछले कुछ समय से वह सलमान के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। इंटरनेट पर कुछ लोग उनकी बातों में तर्क ढूंढ रहे हैं।

वहीं कुछ ने यह कहा कि वह अटेंशन के लिए ऐसा कर रहे हैं। इस बारे में सलमान की तरफ से तो अब तक कोई बयान नहीं आया मगर उनकी फिल्म बैटल ऑफ गलवान के राइटर चिंतन शाह ने अभिनव पर हमला बोल दिया है। इसमें दो राय नहीं कि सलमान इंटरनेट पर एक बड़ा कीवर्ड है।

उन पर अच्छा या बुरा बोलने वालों को गुगल के साथ-साथ लोगों से भी काफी अटेंशन मिलता है। चिंतन शाह का भी कुछ ऐसा ही कहना है। उन्होंने अपने Instagram स्टोरी पर लिखा अभिनव कश्यप को पहली और इकलौती बार फेम कैसे मिला? सलमान खान की बदौलत। अब अभिनव कश्यप फिर चर्चा में आने की कोशिश कर रहे हैं। वो भी सलमान खान की वजह से।

मजेदार बात यह है कि उनका पूरा विकिपीडिया पेज करियर नहीं बल्कि सलमान खान फैन क्लब का हिस्सा लगता है। अगर सलमान खान का नाम हट जाए तो Google पर अभिनव कश्यप सर्च करने पर शायद कोई रिजल्ट नहीं आएगा। यह विवाद दबंग के बाद ही शुरू हुआ था। अभिनव को इस बात से शिकायत थी कि सलमान और अरबाज ने फिल्म का सारा क्रेडिट खुद ले लिया। उन्हें डायरेक्टर होकर भी अपना हक नहीं मिला।

बाद में जब दबंग टू बनने की बात आई तो अभिनव ने खुद को इससे अलग कर लिया। इसके बाद उन्होंने कुछ एक बार सलमान और उनके परिवार के खिलाफ बयानबाजी की। मगर तब सोशल मीडिया इतना एक्टिव नहीं था। इसलिए इस पर ज्यादा बात नहीं हुई। मगर हालिया दिनों में खासकर पिछले 1 महीने में उन्होंने सिलसिलवार ढंग से सलमान पर हमला बोला है। उनके मुताबिक सलमान ने उनका करियर बर्बाद कर दिया। साथ ही खान परिवार अभिनव से बदला लेना चाहता है। इस बात को मीडिया से काफी हवा मिली।

इसके बाद अलग-अलग इंटरव्यूज में वह और बातें जोड़ते चले गए। कभी वह सलमान को क्रिमिनल तो कभी उन्हें सोनू सूद को लेकर इनसिक्योर बताते। उन्होंने तो यह तक कहा कि फिल्म में सलमान के आई बैग्स छुपाने के लिए ₹8 लाख खर्च किए गए थे।

इस तरह के वो अब तक अनगिनत बयान दे चुके हैं। सलमान ने इन बातों पर कभी रिएक्ट नहीं किया। मगर बिग बॉस 19 में एक एपिसोड में उन्होंने इतना जरूर कहा कि किसी के करियर को बनाने या बिगाड़ने का कंट्रोल ऊपर वाले के हाथ में होता है। यहां उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया मगर लोग इसे अभिनव से जोड़कर देख रहे हैं।

Leave a Comment