बॉलीवुड की बेरुखी का शिकार हुईं सुलक्षणा पंडित ,अंतिम संस्कार से गायब सितारे।

पंचतत्व में विलीन हुई सुलक्षणा पंडित। बहन के निधन पर रो-रो कर बेहाल हुई बहन विजेता। अंतिम संस्कार में दिखा बॉलीवुड का संगदिल चेहरा। सुलक्षणा पंडित के अंतिम संस्कार से गायब रहे सितारे। कहते हैं कि बॉलीवुड में उगते सूरज को सलाम किया जाता है। डूबते को भुला दिया जाता है और जो सितारा बरसों से गुमनामी में खोया हो उसकी तरफ मुड़कर भी नहीं देखा जाता है।

कुछ ऐसा ही एक बार फिर हुआ है जब दिग्गज एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड सितारों की बेरुखी साफ-साफ नजर आई। 70 और 80 के दशक में मशहूर एक्ट्रेस और सिंगर रही सुलक्षणा पंडित अब इस दुनिया में मौजूद नहीं है।

6 नवंबर की रात 8:00 बजे के करीब सुलक्षणा का निधन हो गया था। डिप्रेशन से जूझ रही सुलक्षणा लंबे वक्त से बीमार थी। मुंबई के नानावती हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। अफसोस के चलते 71 की उम्र में सुलक्षणा का निधन हो गया। तो वहीं 7 नवंबर को सुलक्षणा को पंचतत्व में विलीन कर दिया गया। सुलक्षणा तो खामोशी से आंखें मूंदकर इस दुनिया से रुखसत हो गई हैं।

लेकिन उनके अंतिम संस्कार के विजुअल्स ने सोशल मीडिया पर अलग ही बहस छेड़ दी है। बॉलीवुड सितारों को बुरी तरह से ट्रॉल किया जा रहा है। बता दें कि दिग्गज एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार मुंबई के पवनहंस श्मशान घाट में किया गया। सुलक्षणा ने शादी नहीं की थी। उन्होंने ता उम्र कुंवारी रहने का फैसला किया था। परिवार के नाम पर उनके पास सिर्फ भाई-बहन और उनके बच्चे ही थे।

सुलक्षणा अपनी छोटी बहन विजेता के साथ रहा करती थी। एक्ट्रेस की तबीयत बिगड़ने के बाद विजेता ही उनकी देखभाल किया करती थी। लेकिन सुलक्षणा के निधन ने विजेता को बुरी तरह से तोड़ दिया है। सुलक्षणा के अंतिम संस्कार में विजेता बेहाल नजर आई। बहन की अर्थी के पास विजेता फूट-फूट कर रोती दिखी। विजेता का यह हाल देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी गम से नम हो गई। भाई और बेटे विजेता को संबल देते दिखे।

फूलों से सजी एंबुलेंस में सुलक्षणा को श्मशान घाट ले जाया गया। जिस पर एक्ट्रेस की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर भी लगाई गई थी। हालांकि इस दौरान बॉलीवुड सितारों की बेरुखी भी देखने को मिली। सुलक्षणा के अंतिम संस्कार में सिर्फ परिवार के करीबी लोग और चंद रिश्तेदार ही शामिल रहे। बॉलीवुड से एक्ट्रेस शबाना आजमी सुलक्षणा को आखिरी विदाई देने श्मशान घाट पहुंची। फिल्म मेकर अशोक पंडित और एक्ट्रेस पूनम झिल्लो भी सुलक्षणा को श्रद्धांजलि देने पवन हंस श्मशान घाट आए। एक नामी संगीत परिवार से जुड़ी होने के बावजूद सुलक्षणा के अंतिम संस्कार से बॉलीवुड सितारे गैर मौजूद ही रहे।

हालांकि इससे ठीक उलट नजारा दिग्गज एक्टर संजय खान के घर पर देखने को मिला। सुजैन खान और ज़द खान की मां और संजय खान की बीवी जरीन खान का निधन आज 7 नवंबर को हो गया है। जरीन खान लंबे वक्त से बीमार चल रही थी। जैसे ही जरीन खान के निधन की दुखद खबर आई तो एक के बाद एक बॉलीवुड सितारों का तांता संजय खान के घर पर जुटने लगा। जरीन खान के अंतिम दर्शनों के लिए जया बच्चन, शबाना आजमी, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, मधुर भंडारकर, बॉबी देओल, रोहित रॉय समेत कई सितारे संजय खान के घर पहुंचे। लेकिन सुलक्षणा पंडित के अंतिम संस्कार में चुनिंदा लोग ही शामिल हुए। जिसके चलते अब सोशल मीडिया पर नेटिजंस का गुस्सा फूटा है।

जानकारी के लिए बता दें कि सुलक्षणा पंडित ने 70 और 80 के दशक में कई फिल्मों में काम किया था। वो नामी सिंगर भी रही लेकिन संजीव कुमार से एक तरफा मोहब्बत उनके दिल का मर्ज बनकर रह गई। कहा जाता है कि 1985 में संजीव कुमार की निधन से सुलक्षणा बुरी तरह से टूट गई थी। वो इस गम से कभी उबर नहीं पाई। गहरे डिप्रेशन का शिकार हो गई। और इत्तेफाक देखिए। संजीव की मौत के ठीक 40 साल बाद सुलक्षणा भी उसी दिन दुनिया छोड़ गई जिस दिन संजीव कुमार का निधन हुआ था।

Leave a Comment